पटना: बिहार में उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री आवास, मुख्यमंत्री सचिवालय और चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां और प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गए। संवेदनशील सरकारी परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि 21 जुलाई को दोपहर 3:11 बजे सचिवालय में विस्फोट किया जाएगा और रात 9:11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय व सरकारी आवास को निशाना बनाया जाएगा। यह ईमेल मंगलवार सुबह 7:57 बजे ग्रामीण विकास विभाग के आधिकारिक ईमेल पर प्राप्त हुआ। इसके बाद विभाग के संयुक्त सचिव रवि कुमार ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
धमकी ऐसे समय आई है जब बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और विशेष जांच टीमें मुख्यमंत्री सचिवालय, ग्रामीण विकास विभाग सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों में गहन जांच और सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
जांच के दौरान सामने आया कि धमकी वाला ईमेल अंग्रेजी में लिखा गया था, लेकिन उसकी भाषा-शैली में पंजाबी प्रभाव दिखाई देता है। ईमेल में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का उल्लेख करते हुए दावा किया गया कि हाई कमिश्नर संजय वर्मा को पटना में छिपाया गया है। साथ ही कुछ संगठनों और व्यक्तियों के नाम लेकर कई भड़काऊ और धमकीपूर्ण बातें भी लिखी गईं।
पुलिस फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने, उसके स्रोत का पता लगाने और धमकी की सत्यता की जांच में जुटी है। अब तक किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं।





Leave a Reply