बुलेट ट्रेन परियोजना पर जापान के पूर्व मंत्री के आरोप खारिज, भारत बोला- तथ्यहीन हैं दावे
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में कथित देरी को लेकर जापान के पूर्व न्याय मंत्री हिदेकी माकिहारा के लगाए गए आरोपों को भारत सरकार ने खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने स्पष्ट किया कि माकिहारा की टिप्पणियां उनकी व्यक्तिगत राय हैं और उनका वास्तविक तथ्यों से कोई संबंध नहीं है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और जापान के बीच हाई-स्पीड रेल परियोजना पर सहयोग पहले की तरह मजबूत बना हुआ है। दोनों देशों के बीच नियमित बातचीत जारी है और परियोजना का निर्माण कार्य तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है।
दरअसल, हिदेकी माकिहारा ने दावा किया था कि भारतीय अधिकारियों की निर्णय प्रक्रिया और प्रशासनिक देरी के कारण परियोजना की गति प्रभावित हुई। हालांकि, भारत सरकार ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि परियोजना से जुड़े सभी मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय है और काम लगातार आगे बढ़ रहा है।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन भारत की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना है, जिसे जापान के तकनीकी और वित्तीय सहयोग से विकसित किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि परियोजना के विभिन्न हिस्सों में निर्माण तेजी से जारी है और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।